फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: एसडीएम से नोकझोंक के बाद धरने पर बैठे वकील, वाहन घेरा

विज्ञापन
सदर तहसील में एसडीएम की गाड़ी को घेरकर खड़े अ​धिवक्ता। संवाद - फोटो : 1
विज्ञापन
शाहजहांपुर। तहसील सदर में मंगलवार को एसडीएम अतुल कुमार सिंह और अधिवक्ताओं के बीच विवाद हो गया। अधिवक्ताओं ने एसडीएम पर अभद्र व्यवहार करने और कार्यालय से बाहर निकलने के लिए कहने का आरोप लगाया। वहीं, एसडीएम ने अधिवक्ताओं पर अनर्गल दबाव बनाने और तल्ख भाषा का इस्तेमाल करने की बात कही। घटना से नाराज अधिवक्ता तहसील बार एसोसिएशन के बैनर तले धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। समझाने पहुंचे तहसीलदार और नायब तहसीलदार से भी अधिवक्ताओं की नोकझोंक हुई।
विज्ञापन

मंगलवार को अधिवक्ता रज्जन बाबू मिश्रा, सतीश वाजपेयी, प्रमोद मिश्रा आदि तहसील में कार्यों को बिना कारण लंबित रखने और अधिवक्ताओं की उपेक्षा किए जाने की शिकायत लेकर एसडीएम सदर अतुल कुमार सिंह के कक्ष में पहुंचे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। अधिवक्ताओं का आरोप है कि एसडीएम ने उनसे अभद्रता करते हुए कक्ष से बाहर निकलने के लिए कह दिया।
इसके बाद अधिवक्ता भड़क गए। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा के नेतृत्व में अधिवक्ता एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
विज्ञापन

इसी बीच अधिवक्ताओं से वार्ता करने पहुंचे तहसीलदार ऋषि दीक्षित और नायब तहसीलदार भावलखेड़ा पंकज कुमार से भी नोकझोंक हो गई। एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने वहां से जाने का प्रयास किया तो अधिवक्ताओं ने उनके सरकारी वाहन के आगे बाइकें खड़ी कर रास्ता रोक दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर चौक कोतवाली प्रदीप राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के सामने भी अधिवक्ता एसडीएम के व्यवहार को लेकर रोष जताते रहे। पुलिस एसडीएम को दूसरे गेट से पैदल ही कोतवाली ले गई।
सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत और सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी भी कोतवाली पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने एसडीएम से घटना के संबंध में जानकारी ली। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। अधिवक्ताओं ने एसडीएम के माफी मांगने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने का एलान किया है।

एक दिन पहले हो चुकी थी वार्ता
एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें कार्यभार ग्रहण किए अभी कम समय हुआ है। एक दिन पहले ही अधिवक्ताओं के साथ समस्याओं के निस्तारण के संबंध में वार्ता हो चुकी थी। मंगलवार को फिर कुछ अधिवक्ता कार्यालय में आए और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे। अनर्गल दबाव बनाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि नियमानुसार सभी कार्य किए जाएंगे और अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि उन्होंने कोतवाली में एसडीएम सदर से घटना की जानकारी ली है। अब तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

भ्रष्टाचार के आरोप लगा आंदोलन जारी रखने का ऐलान
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा ने आरोप लगाया कि तहसील सदर में भ्रष्टाचार व्याप्त है। हर कार्य अकारण लंबित रखा जाता है और बिना सुविधा शुल्क लिए काम नहीं होता। इसी संबंध में वार्ता करने के लिए अधिवक्ता एसडीएम के पास गए थे, जहां उनके साथ अभद्रता की गई। उन्होंने कहा कि एसडीएम के माफी मांगने तक आंदोलन जारी रहेगा।

सदर तहसील में एसडीएम की गाड़ी को घेरकर खड़े अधिवक्ता। संवाद- फोटो : 1

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें