पुवायां में तहसील से जाते एसडीएम और नारेबाजी करते वकील। संवाद
- फोटो : 1
पुवायां। एसडीएम सदानंद सरोज से विवाद के बाद वकील नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। वकीलों ने एसडीएम को अधिवक्ता विरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की।
मंगलवार को वकील किसी मामले में एसडीएम से मिलने उनके कक्ष में गए थे। इस बीच किसी मामले को लेकर विवाद होने पर वकील नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर में ही धरने पर बैठ गए। तहसील बार एसोसिएशन के महामंत्री गौरव शुक्ला ने कहा कि एसडीएम अधिवक्ताओं से अभद्र व्यवहार करते हैं और अधिवक्ता विरोधी मानसिकता से काम करते हैं।
एसडीएम किसी का फोन नहीं उठाते हैं और वकीलों के कहने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। इस कारण एसडीएम का तबादला नहीं होने तक तहसील के किसी भी न्यायालय में काम नहीं किया जाएगा।
वकीलों के हंगामें के बीच एसडीएम तहसील सभागार में लेखपालों की बैठक करने लगे। यहां भी वकीलों ने जमकर नारेबाजी की। बाद में एसडीएम तहसील से चले गए। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पांडेय ने बताया कि उन्हें देर शाम को मामले की जानकारी मिली है। इस संबंध में बुधवार को बार की मीटिंग बुलाई जाएगी। इसमें चर्चा होगी। किसी कोर्ट का बहिष्कार नहीं किया गया है।
एसडीएम सदानंद सरोज ने बताया कि एक मामले में दो दिन में अभिलेख दाखिल करने का समय दिया गया था। वकील अपनी मर्जी का आदेश जारी कराना चाहते थे। दबाव बनाने के लिए न्यायालयों के बहिष्कार की बात कही जा रही है। अभद्र व्यवहार का आरोप गलत है।
====
तहसील आए लोग हुए परेशान
तहसील में विभिन्न कार्यों से आए लोगों को वकीलों के कामकाज न करने और नारेबाजी करने से परेशानी का सामना करना पड़ा और उनके कार्य नहीं हो सके। लोगों को बिना कार्य कराए वापस जाना पड़ा। दूरदराज से आए लोग काफी देर तक तहसील परिसर में इस इंतजार में रुके रहे कि वकीलों और एसडीएम के बीच कोई हल निकलने पर कार्य शुरू हो सकेगा, लेकिन वकीलों ने कार्य नहीं किया।
पुवायां में तहसील से जाते एसडीएम और नारेबाजी करते वकील। संवाद- फोटो : 1