पुवायां में एसडीएम से वार्ता करते वकील। संवाद
पुवायां। तहसीलदार के अपने कक्ष में न मिलने से नाराज वकीलों की शुक्रवार को तहसीलदार से नोकझोंक हो गई। एसडीएम ने समझाकर मामले को शांत कराया।
दिन में लगभग 11 बजे कुछ अधिवक्ता तहसीलदार राघवेशमणि त्रिपाठी से मिलने गए थे, लेकिन उस वक्त तहसीलदार कार्यालय में नहीं थे। पता चला कि वे एसडीएम के कक्ष में जरूरी काम कर रहे हैं। तहसीलदार ने वकीलों से आधे घंटे में कार्यालय पहुंचने की बात कही, लेकिन वे नहीं आए। इस पर वकील नाराज हो गए और तहसीलदार कार्यालय के सामने एकत्र हो गए।
जानकारी पाकर तहसीलदार पहुंचे तो उनकी वकीलों से नोकझोंक हो गई। वकीलों ने कहा कि शासन और सरकार के निर्देश हैं कि सुबह दस से दोपहर 12 बजे तक अधिकारी अपने कक्ष में बैठकर जनसमस्याओं को सुनेंगे, लेकिन तहसीलदार व नायब तहसीलदार कार्यालय में नहीं बैठते हैं। इससे लोगों को परेशानी होती है।
वरिष्ठ वकीलों ने बीचबचाव कर मामले को शांत कराया। इसके बाद वकीलों ने मामले की शिकायत एसडीएम चित्रा निर्वाल से भी की। वकीलों ने कहा कि अधिकारी कार्यालय में नहीं मिलते हैं, जिस कारण दूरदराज से आने वाले लोगों को समस्या का निस्तारण हुए बिना ही लौटना पड़ता है। एसडीएम ने वकीलों को शांत कराया। एसडीएम ने बताया कि तहसील में सभी अधिकारी समस्याओं को सुनते हैं। अधिवक्ता और तहसीलदार के बीच कुछ मतभेद था। दोनों पक्षों के बीच वार्ता के बाद अब कोई समस्या नहीं है।