शाहजहांपुर। लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए बृहस्पतिवार को हाईवे पर सुबह दस से पांच बजे तक बड़े वाहनों का संचालन नहीं होगा। वाहनों को रोकने के लिए हाईवे पर कई स्थानों पर बैरियर लगाकर पुलिस ड्यूटी लगाई गई है। बुधवार को 20 मिनट तक वाहनों को रोककर पूर्वाभ्यास भी किया गया।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए थाना व यातायात पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। हाईवे पर हुलासनगरा, नखासा, कटरा चौराहा, बरेली मोड़, हुल्लापुर चौराहा, हरदोई बॉर्डर, पूरनपुर रोड, गोला रोड, शाहजहांपुर-हरदोई मार्ग, मिश्रीपुर ढाबा, तिराहा ब्रिज, मेजबान तिराहा ब्रिज, अटसलिया व नगरिया मोड़ पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
बुधवार को टीएसआई विनय पांडेय ने 20 मिनट तक वाहनों को रोककर पूर्वाभ्यास भी कराया। उन्होंने बताया कि सुबह दस से पांच बजे तक लखीमपुर, सीतापुर और हरदोई की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को रोककर चिह्नित स्थानों पर खड़ा कराया जाएगा।
लखनऊ भेजीं गईं निगम की 60 बसें
परिवहन निगम की 60 बसों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भेजा गया है। निगम ने दिल्ली रूट की नई गाड़ियों को हटाकर लखनऊ के लिए रवाना कर दिया। उनकी जगह पर स्थानीय रूट पर चलने वाली बसों को लगाया है। केंद्र अध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि 26 दिसंबर की शाम तक बसें वापस आ जाएंगी। सर्दी के चलते सवारियां कम होने से ज्यादा दिक्कत नहीं होगी।
शाहजहांपुर में हाईवे पर तैनात पुलिस कर्मी। स्रोत: यातायात पुलिस