इस्कॉन सेवा समिति वृंदावन और श्री राधा बृजनाथ संकीर्तन मंडल के संयुक्त तत्वावधान में शहर में पहलीबार श्री लड्डू गोपाल की पालकी यात्रा निकाली जाएगी। शनिवार को श्री अग्रसेन भवन केरूगंज से निकाली जाने वाली लड्डू गोपाल की पालकी यात्रा की तैयारियां लगभग पूरी की जा चुकी हैं। यात्रा के संबंध में आयोजकों ने प्रेसवार्ता में मीडिया को जानकारी दी।
पालकी यात्रा के संरक्षक सचिन बाथम ने अपनेेेेेेेेेेे आवास पर बताया कि पालकी यात्रा बिना किसी तामझाम और शोरशराबे के निकाली जाएगी, इसका मुख्य उद्देश्य भक्तों को जागरूक करना है। पालकी यात्रा का शुभारंभ अग्रसेन भवन से अपरान्ह तीन बजे किया जाएगा, जिसमें इस्कॉन सेवा समिति से जुड़े श्री बांके बिहारी जी महाराज के भक्त हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे संकीर्तन करेंगे। राजेश अवस्थी ने बताया कि इस महामंत्र से लोगों को जोड़ने और जागरूक करने के लिए तीन पालकी साथ चलेंगीं, जो वृंदावन के भक्तों द्वारा लाई गई हैं। एक पालकी में श्री गौर-निताई जी की प्रतिमा भी शामिल की जाएगी।
शोभित श्रीवास्तव ने बताया कि श्री गौर-निताई जी की प्रतिमा का अभिषेक अग्रसेन भवन में किया जाएगा। उन्होेंने शहरवासियों से अपील की है कि प्रथम वार निकल रही श्री लड्डू गोपाल की पालकी यात्रा का जोरशोर से स्वागत करें और उसमें शामिल होकर पालकी को कंधा लगाकर पुण्य कमाएं। पालकी यात्रा शहर का भ्रमण करते हुए कनौजिया अस्पताल के पीछे कृष्ण वाटिका में संपन्न होगी। इस अवसर पर कुंज बिहारी अग्रवाल, सिद्धार्थ गुप्ता, अजय कांत श्रीवास्तव, सुनील मौर्या, लल्लन बाबू मिश्रा, असीम कुमार, शिव भगवान मिश्रा, रोहित मिश्रा, अतुल मिश्रा आदि आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।