मृतक धर्मपाल का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
- फोटो : संवाद
तिलहर। शाहजहांपुर और तिलहर के बीच बंथरा रेलवे स्टेशन पर काम करते समय दलेलापुर निवासी धर्मपाल (41) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
गांव के रामवीर ने अनुसार, भाई धर्मपाल रेलवे के एक ठेकेदार के अधीन बंथरा रेलवे स्टेशन के पास मजदूरी करते थे। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे वह काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई और धर्मपाल उसकी चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी तोतावती, पुत्र अभय, पुत्री पूनम व सुलोचना समेत अन्य परिजन हैं। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि पुलिस ने अगर तहरीर मिलती है तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-
ट्रेन से गिरकर युवक की जान गई
रोजा। रोजा जंक्शन के पास अटसलिया रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक बुधवार दोपहर अप रेलवे लाइन के किनारे 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव झाड़ियों में मिला। मेमो मिलने के बाद रोजा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस का अनुमान है कि चलती ट्रेन से गिरने के बाद लोहे के गर्डर से टक्कर होने से उसकी मौत हुई है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा। शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। संवाद