कंबाइन पर काम करने जालौन गए यहां के एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मौत की खबर आने पर परिवार में कोहराम मच गया। उसके माता- पिता की हालत खराब है।
गांव मलिका निवासी बादाम सिंह का 17 वर्षीय पुत्र नितिन सिंह गांव उदरा के बब्बू सिंह की कंबाइन पर काम करता था। वह कंबाइन लेकर काम करने जालौन में फसल काटने गया था। 16 मार्च को कंबाइन थाना सिरसा कलार के गांव मियामतपुर में सरसों की कटाई कर रही थी। इस दौरान कंबाइन चालक ने नितिन को पानी लाने भेज दिया। आगे खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूटा पड़ा था। नितिन का पैर तार पर पड़ने से करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कंबाइन चालक आदि उसे जालौन ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से भेजे गए मेमो के आधार पर पुलिस ने नितिन के शव का पोस्टमार्टम कराया।
कंबाइन स्वामी ने नितिन के परिवार को हादसे की जानकारी दी तो परिवार में कोहराम मच गया। नितिन के पिता बादाम सिंह और मां सुनीता देवी पुत्र की मौत की बात सुनकर बेसुध हो गए। नितिन का एक पांच वर्षीय भाई जितिन है। बड़ा होने के कारण नितिन मजदूरी कर परिवार की गुजर बसर में मदद करता था। गांव मलिका के तमाम लोग खुुटार थाने पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला जालौन का बताते हुए वहीं जाकर कार्रवाई की राय दी है। सिरसा कलार पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात तक नितिन का शव गांव मलिका पहुंच जाएगा।