कुपोषण मिटाने के लिए शासन द्वारा लागू किए गए राज्य पोषण मिशन के तहत कुपोषित बच्चों की बेहतर देखभाल के लिए डीएम शुभ्रा सक्सेना के तैयार किए गए संवर्धन प्रोजेक्ट की वित्तीय जरूरतें पूरी करने के लिए सोमवार को संवर्धन कोष की स्थापना की गई। डीएम और एसपी आरपीएस यादव ने दस-दस हजार रुपये अंशदान देने की पहल करके कोष की शुरुआत की तो अन्य अधिकारियों ने भी दिल खोलकर दान दिया।
डीएम केनिर्देशन में अर्ध सरकारी संस्था के तौर पर गठित संवर्धन कोष में नवागत सीडीओ महेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम पीके श्रीवास्तव और मुनेंद्र नाथ उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट बके के द्विवेदी, डीआईओएस राकेश कुमार और डीडीओ ने भी दस-दस हजार रुपये दान दिए। इसी कड़ी में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट हरिशंकर लाल शुक्ला और वंदना त्रिवेदी, सहायक श्रमायुक्त ने पांच-पांच हजार रुपये दिए।
अन्य कई अधिकारियों ने भी आर्थिक योगदान करके शाम तक कोष में पांच लाख रुपये जमा करा दिए। डीएम ने बताया कि इस कोष की धनराशि से कुपोषित बच्चों और एनीमिया से ग्रस्त किशोरियों को बेहतर पोषाहार देने के साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने सभी अधिकारियों समेत जन सामान्य के लोगों से कोष में दान देकर कुपोषण मिटाने में सहयोगी बनने का अनुरोध किया है।