प्वाइंट के लिए जद्दोजहद : पुवायां के गांव कोरोंकुइयां में वॉलीबॉल खेलते खिलाड़ी। संवाद
पुवायां। गांव कोरोंकुइयां में खेले गए तीन दिवसीय नसीर खां वॉलीबॉल टूर्नामेंट में कोरोंकुइयां की टीम विजेता रही। जीतने वाली टीम के खिलाड़ियों को कप और अन्य पुरस्कार प्रदान किए गए।
बुधवार को पहला सेमीफाइनल मैच कोरोंकुइयां और सिसोरा के बीच हुआ। कोरोंकुइयां की टीम ने सीधे सेटों में सिसेरा की टीम को 15-10 और 16-14 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल मैच कांट और डीवीए शाहजहांपुर के बीच खेला गया। कांट ने डीएवी शाहजहांपुर को 19-17 और 15-13 से हराकर फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।
फाइनल में कोरोंकुइयां की टीम ने दो और कांट की टीम से एक सेट में जीत दर्ज की। कोरोंकुइयां को 15-4, 11-15 और 11-08 से विजेता घोषित किया गया। तीसरा सेट खिलाड़ियों के चोटिल होने से पूरा नहीं किया जा सका। प्रधान वसीम ने मैचों का शुभारंभ किया। अंत में पुरस्कार बांटे। मैच में रेफरी की भूमिका नबी मोहम्मद और अयूब खां ने निभाई। कमेंटरी अकरम खां ने की। आयोजन में अफसर, असलम, लालू, उल्फत शाह, सहीम खां सहित तमाम लोगों का सहयोग रहा।