निगोही में पुवायां मार्ग पर राइस मिल मैदान में आयोजित निगोही प्रीमियर लीग में शॉट खेलता बल्लेबा
- फोटो : mathura
शाहजहांपुर। निगोही में पुवायां मार्ग पर स्थित राइस मिल के मैदान पर आयोजित प्रीमियर लीग में शनिवार को नाइट राइडर्स और किंग्स इलेवन के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में नाइट राइडर्स ने किंग्स इलेवन को पांच विकेट से मात दे दी।
इससे पहले नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। किंग्स इलेवन की टीम निर्धारित 20 ओवर में दस विकेट खोकर 182 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाने में कामयाब रही। किंग्स इलेवन की ओर से अभिषेक बाबा ने 62 और कमरुल ने 36 रन का योगदान दिया।
नाइट राइडर्स की ओर से हमीद ने तीन और आकिब व हर्षित ने दो-दो विकेट लिए। बाद में 183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट राइडर्स ने शुरुआत से ही अच्छी बल्लेबाजी की। मेराज और कप्तान असद ने पहले विकेट के लिए नौ ओवर में 89 रन जोड़े।
नाइट राइडर्स के लिए कप्तान असद ने सर्वाधिक 57 रन, मेराज ने 47 और अंत में आकिब ने 27 रन की पारी खेलते हुए पांच विकेट से जीत दर्ज की। विजेता टीम के कप्तान असद को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। इस मौके पर एनपीएल के चेयरमैन राजेश सिंह समेत परवेज खां, अरशद, शाहिद हुसैन आदि क्रिकेटप्रेमियों ने दोनों टीमों का हौसला बढ़ाया। संवाद