शाहजहांपुर। पीएम पोषण योजना के तहत जिले के 1897 परिषदीय विद्यालयों में स्कूल न्यूट्रीशन गार्डन (किचन गार्डन) को विकसित किया जाएगा। प्रत्येक स्कूल को किचन गार्डन को विकसित करने के लिए दो हजार रुपये की धनराशि दी जाएगी। इसमें मौसमी व पौष्टिक सब्जियां उगाकर मध्याह्न भोजन के उपयोग में लाई जाएंगी।
जिले के 2707 परिषदीय स्कूलों में करीब तीन लाख छात्र-छात्राओं को एमडीएम का वितरण होता है। इनमें 1897 स्कूलों में किचन गार्डन को विकसित करने की तैयारी शुरू की गई है। जहां पर पर्याप्त जगह है, वहां पर बेहतर तरीके से किचन गार्डन बनाकर मौसमी और हरी पत्तेदार सब्जियां उगाई जाएंगी। जिनका बाद में एमडीएम में उपयोग किया जाएगा।
किचन गार्डन बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग को धनराशि प्राप्त हो गई है। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि किचन गार्डन को बनाने की तैयारी चल रही है। जल्द ही बजट स्कूलों को जारी कर दिया जाएगा।
गमलों में उगाए जाएंगे पौधे
विभाग के कई स्कूलों के पास पर्याप्त जमीन नहीं है। वहां पर दस से 15 गमले खरीदकर उसमें सब्जी उगाई जाएगी। इसके अलावा पॉली, ग्रो बैग, मटके, बोरे, जूट के थैले, क्यारी में भी किचन गार्डन को विकसित किया जाएगा।
पूर्व में 810 स्कूलों में बनाए गए थे किचन गार्डन
पिछले वर्ष में 810 स्कूलों में किचन गार्डन बनाए गए थे। स्कूलों में अवकाश होने पर किचन गार्डन खराब हो गए। पौधों की देखभाल नहीं होने के कारण वे सूख गए थे।