संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। कैंट स्थित मैदान पर खेले गए क्रिकेट मैच में किंग क्रिकेट क्लब ने गस्टी वारियर्स को तीन विकेट से हराकर जीत दर्ज की। किंग क्लब की जीत में फिरोज खान ने 70 रन की शानदार पारी खेली, जबकि गेंदबाज अनस ने पांच विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गस्टी वारियर्स की टीम 17.5 ओवर में 132 रन बनाकर आउट हो गई। सलामी बल्लेबाज शाहरिब खान ने 15 और इकनांक्ष सिंह ने 27 रन बनाए। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शाज ने 41 रन की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। किंग क्लब की ओर से अनस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट चटकाए। फरहान ने दो, जबकि बिलाल और फैजान खान ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग क्रिकेट क्लब की टीम को फिरोज खान ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 40 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। फिरोज के आउट होने के बाद टीम के विकेट लगातार गिरने लगे, लेकिन खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा। किंग क्लब ने 15.2 ओवर में सात विकेट खोकर 136 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। गस्टी वारियर्स की ओर से शाज ने चार और गुनीत ने दो विकेट हासिल किए।