पुवायां। नगर के मोहल्ला गढ़ी छावनी निवासी किशोर का बंडा के एक मैरिज पैलेस से अपहरण कर लिया गया। वह अपने बड़े भाई की बरात में गया था। पिटाई करके उससे नकदी लूट ली गई। किशोर किसी तरह से आरोपियों के चंगुल से छूटकर भाग आया। बंडा पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे हाथ नहीं लगे।
नरेंद्र कुमार की पत्नी कल्पना देवी के अनुसार 11 जून को उनके बड़े पुत्र रिशु की बरात बंडा के गांव मोहद्दीनपुर गई थी। उनका 17 वर्षीय दूसरा पुत्र रचित भी बरात में गया था। रचित ने बंडा के एक मैरिज पैलेस में गाड़ी रुकवाई। यहां 10 से 12 लोग नशे की हालत में मिले और रचित से गालीगलौज करने लगे। रचित ने विरोध किया तो उसे पकड़ लिया और एक वाहन में डालकर अपहरण कर ले गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें घटना की जानकारी दी तो वह रिश्तेदारों के साथ पुत्र को रातभर तलाश करती रहीं।
सुबह चार बजे रचित वापस घर आया। रचित ने बताया कि पांच लोग उसका अपहरण कर अज्ञात स्थान पर ले गए थे और उसकी पिटाई की। आरोपियों ने उसके पास मौजूद रुपये भी छीन लिए। मौका पाकर वह भाग निकला और सुबह घर पहुंचा। कल्पना देवी की तहरीर पर पुलिस ने गांव दिवाली में दबिश दी लेकिन आरोपी नहीं मिले। बंडा थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते की बात सामने आई है। अभी दूसरे पक्ष के लोगों से घटना की जानकारी की जाएगी। जांच के बाद कार्रवाई होगी।