स्टेशन रोड पर अतिक्रमण साफ कराने की कार्रवाई का वहां से हटाए खोखा-पटरी दुकानदारों ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने अपने परिवारों की रोजी-रोटी की दुहाई देते हुए कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में डीएम के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर भरण-पोषण के लिए फुटपाथों के पीछे दुकानें लगाने की इजाजत दिए जाने की गुहार की।
स्टेशन रोड पर महिला थाना से लेकर रेलवे स्टेशन के मेन गेट तक फुटपाथ पर तमाम दुकानदारों ने पक्की दुकानें बना ली हैं। स्टेशन के पूर्वी गेट से लेकर पश्चिमी गेट तक फुटपाथ पर पटरी दुकानदारों ने टीनशेड डाल रखे हैं। बीते दिन स्टेशन का निरीक्षण करने गए डीएम नरेंद्र सिंह ने यातायात में अवरोध बन रहे अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। इस पर अमल करते हुए कर्मचारियों ने कई दुकानों के टीन शेड उखाड़ दिए, लेकिन पक्की दुकानों का कब्जा हटाने का कोई प्रयास नहीं किया गया।
डीएम के नाम दिए ज्ञापन में पटरी दुकानदारों ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर इसी पक्षपात का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि वे करीब 50 साल से फुटपाथ पर दुकानें लगाकर परिवार की आजीविका कमा रहे हैं और वहां से हटाए जाने पर तमाम परिवारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा। प्रदर्शन में संजय चोपड़ा, मो. सलीम, सुनील वर्मा, मो. जमन, अनिल कुमार, सुमित वर्मा, संजीव कुमार, निगम पाल, मुकेश राठौर, दीपक श्रीवास्तव, विशाल राठौर, पवन शर्मा, बाबू सिंह, राजकुमार आदि शामिल रहे।