बरेली मोड़ स्थित खाटू श्याम मंदिर में श्याम बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को फूलों और बिजली की झालरों से सजाकर भजन संध्या का भी आयोजन हुआ। जयपुर के प्रख्यात गायक संजय पारिक, लोकेश शर्मा आदि ने भजनों के माध्यम से खाटू नरेश का गुणगान किया।
भजन संध्या का शुभारंभ लोकेश शर्मा ने श्री गणेश और श्री हनुमान जी की वंदना से किया। इसके बाद संजय पारिक ने शीश के दानी महाबली, खाटू वाले श्याम तेरा जयकारा है, मोर छड़ी लहराई है, गूंज उठी शहनाई देखो गूंज उठी शहनाई, खाटू वाले श्याम तेरा सांचा दरबार है, पार करे बेड़ा वो दरबार मिल गया, जपते रहना श्याम नाम तुम, प्यारा सा मुखड़ा घुंघरालेे केश आदि भजन सुनाकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। महिलाएं और पुरुष श्याम बाबा के भजनों पर तालियां बजाकर नाचते रहे।
इससे पूर्व श्याम भक्तों ने ध्वजाएं लेकर मंदिर में प्रवेश किया। इस मौके पर बाहर से मंगवाए गए रंग-बिरंगे दुर्लभ और आकर्षक फूलों से खाटू नरेश का दरबार सजाया गया। अंत में केक काटकर श्याम बाबा का जन्मोत्सव मनाया गया। आरती के बाद सभी ने लंगर में प्रसाद छका। इस अवसर पर मुख्य ट्रस्टी अशोक अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, गुड्डी ओझा, नीता अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, गिरीश चोपड़ा बॉबी, एकता अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, कशिश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।