खाकी ने असामाजिक तत्वों को दिखाई ताकत
शहर में बड़े लॉट साहब का जुलूस बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे चौक से निकाला जाएगा। लॉट साहब के जुलूस को शांतिपूर्वक संपन्न कराने और असामाजिक तत्वों को सचेत करने के लिए एसपी के नेतृत्व में मंगलवार को फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च में आरएएफ, स्वॉट, पीएसी, पुलिस के जवान शामिल हुए। होली पर चौक से निकलने वाले बड़े लॉट साहब के जुलुस को लेकर काफी ऊहापोह की स्थिति रहती है। जनसामान्य से लेकर पुलिस अधिकारी तक बड़े लॉट साहब समेत शहर के अन्य हिस्सों से निकलने वाले छोटे लॉट साहब के जुंलूस शांतिपूर्वक निकलने के बाद ही चैन की सांस लेते हैं। हालांकि हमेशा ही ये जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न होते रहे हैं, इसके बावजूद पुलिस विभाग चौकन्ना रहता है। इसका कारण यह है कि कुछ खुराफाती तत्व अमन चैन में हमेशा ही बाधक रहे हैं। इसलिए पुलिस ने शांति व्यवस्था में बाधा खड़ी करने वाले असामाजिक तत्वाें को आगाह करने और उनसे निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों से अवगत कराने को फ्लैग मार्च निकाला। एसपी डॉ. मनोज कुमार के नेतृत्व में निकले फ्लैग मार्च में सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह, एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ सिटी विजय शंकर मिश्रा, कोतवाल केके तिवारी समेत बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन शामिल हुए।