खिरनीबाग रामलीला मैदान में सोमवार से शुरू हुए खादी महोत्सव में मंगलवार को सांस्कृतिक पंडाल का उद्घाटन हुआ। यह उद्घाटन राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा ने किया। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
उद्घाटन के बाद राज्यमंत्री वर्मा ने कहा कि गांव के विकास का मार्ग जिस ओर जाता है, खादी महोत्सव उसी रास्ते को इंगित करता है। इससे ग्रामोद्योग को बढ़ावा मिलता है और नौजवान रोेजगार पाते हैं। खादी देश की धरोहर है और इसके प्रचार-प्रसार को लगने वाले मेले इसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहे हैं। छोटे-छोटे उद्योग धंधों ने लाखों हाथों को काम दिया है। वरिष्ठ अधिवक्ता बृजेश पांडेय ने कहा कि खादी महोत्सव की गरिमा दिनोंदिन नई ऊंचाइयां छू रही है। शासकीय अधिवक्ता श्रवण कुमार मिश्रा ने महोत्सव में आने वाले उत्पाद गुणवत्ता की कसौटी पर भी खरे उतर रहे हैं। इससे पूर्व खादी मेला में ग्राहकों ने दुकानों का भ्रमण कर आवश्यकतानुसार खरीददारी की।
इस बार खादी महोत्सव नए कलेवर में दिखाई पड़ रहा है, जिससे लोग उस ओर आकर्षित हो रहे हैं। इस अवसर पर डॉ. विनीता चौहान, डॉ. इंद्रेश गुप्ता, डॉ. एनपी गुप्ता, डॉ. केपी सिंह, डॉ. केडी सिंह, धीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। डॉ. इंदु अजनबी के संचालन में हुए सांस्कृतिक पंडाल के उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन तनवीर खां ने और व्यवस्थापक रमेश भइया ने आभार जताया।