पुवायां। यूरिया के लिए मारामारी कुछ कम हो गई है लेकिन अब भी किसान को यूरिया के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। किसान अभी भी तड़के ही आकर लाइन में लग जाते हैं और दोपहर तक लाइन में लगे रहने के बाद ही यूरिया मिल पाती है। सोमवार को भी पुवायां, बंडा और खुटार में यूरिया के लिए लाइन लगी रही है। पुवायां में इफको केंद्र पर स्टाक निल है, जबकि खुटार और बंडा में यूरिया उपलब्ध है।
पुवायां। पुवायां में मंडी समिति परिसर में बने इफको किसान सेवा केंद्र पर सोमवार को मात्र 650 बोरी यूरिया ही उपलब्ध थी। तमाम किसान सुबह से ही आकर लाइन में लग गए थे। दोपहर होने से पहले ही केंद्र पर मौजूद सारा स्टाक वितरित हो गया। तमाम किसना यूरिया आने के इंतजार में शाम तक केंद्र पर बैठे रहे, लेकिन यूरिया नहीं आने पर खाली हाथ लौट गए। यहां रात में यूरिया आने के बाद मंगलवार को वितरण होगा।
बंडा। यहां के इफको किसान सेवा केंद्र पर सोमवार सुबह 2550 बोरी यूरिया मौजूद थी। दिन भर में 1584 बोरी यूरिया का वितरण किया गया। शाम को 650 बोरी यूरिया और आ गई। दिन भर किसान लाइन में लग कर यूरिया लेते रहे। भीड़ भी रोज की अपेक्षा सोमवार को काफी कम रही। केंद्र प्रभारी खड सिंह ने बताया कि सोमवार को वितरण के बाद केंद्र पर 1616 बोरी यूरिया शेष है। मंगलवार को भी यूरिया का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब यूरिया की समस्या नहीं है।
खुटार। यूरिया खाद को लेकर मची मारामारी अब कम हो गई है। खुटार में लगातार खाद के ट्रक आने से किसानों ने राहत की सांस ली है। सोमवार को करीब 1100 बोरी यूरिया का वितरण किया गया। स्टाक निल होने पर पहुंचे को यूरिया नहीं मिली। उनको टोकन देकर अगले दिन आने को कह दिया गया है।
मैं सोमवार सुबह चार बजे से बंडा के इफको केंद्र पर लाइन में लगा था। जब खाद लेने का नंबर आया तो वितरण बंद कर दिया गया। यह मनमानी नहीं तो और क्या है।
विजय कुमार, गांव इंदलपुर-बंडा
पुवायां के इफको केंद्र पर यूरिया लेने आया था लेकिन स्टाक समाप्त होने के कारण दिन बेकार गया। अब मंगलवार को फिर से लाइन में लगना पड़ेगा।
इतवारीलाल, गांव नगरा- पुवायां