हारकटेटा गांव में गेहूं की फसल कटवाने के विवाद में एक पक्ष ने पुलिस पर हीलाहवाली करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता मनोज कश्यप के नेतृत्व में फर्रूखाबाद-कटरा स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे पहले एसडीएम को ज्ञापन देने के बाद कोतवाल केके चौधरी को चूड़ियां पहनाने का प्रयास किया गया। पुलिस की सख्ती के आगे वह सफल नहीं हो पाए। कोतवाल ने पुलिस फोर्स की मौजूदगी में गेहूं कटवाए जाने का आश्वासन दिया, तब जाम समाप्त हुआ। इस दौरान लगभग एक घंटा जाम में लोग फंसे रहे।
बता दें कि हारकटेटा गांव में महेंद्र कुमार विवादित खेत में पकी खड़ी गेहूं की फसल को काटने शुक्रवार को पहुंचे थे तभी दूसरे पक्ष की चमेली देवी और कलावती ने पुलिस को सूचना देकर काटी जा रही फसल को रुकवाए जाने की गुहार लगाई थी। पुलिस टीम गांव पहुंची तो वहां पुलिस टीम पर हमला बोल दिया गया और पुलिस को वापस होना पड़ा। चमेली देवी और कलावती ने भाजपा बृज प्रांत के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज कश्यप से मदद की गुहार लगाई। उन्हें इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस की लापरवाही बताई गई। इस पर शनिवार को भाजपा नेता अपने समर्थकों संग तहसील परिसर में पहुंचे और यहां धरना देकर बैठ गए। एसडीएम पदम सिंह धरना स्थल पर आए उन्हें ज्ञापन देकर मामले में पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने को कहा। इसके बाद सभी लोग भाजपा नेता के नेतृत्व में कोतवाली पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हीलाहवाली का आरोप लगाना शुरू कर दिया। भाजपा नेता के कुछ समर्थकों ने कोतवाल केके चौधरी को चूड़ियां पहनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे वह लोग टूट गए। फिर यहां से निकलकर सभी लोग मुख्य चौराहे पर पहुंचे और फर्रुखाबाद-कटरा स्टेट हाईवे पर जाम लगाकर बैठ गए। लगभग एक घंटा जाम की स्थिति में जब लोग परेशान होने लगे, तब फिर कोतवाल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों और भाजपा नेता का भरोसा दिया कि वह कई थानों की पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचेंगे और गेहूं फसल का निस्तारण कराया जाएगा। तब फिर लोग शांत हुए और जाम खोला गया। लगभग एक घंटा यातायात सामान्य होने में भी लग गया।
00000000000000
गर्मी मे हलकान हुये जाम में फंसे लोग
भाजपा कार्यकर्ताओ ने जब कटरा फर्रूखाबाद स्टेट हाई वे पर जाम लगाया उस समय दोपहर के सवा बारह बजे थे व्यस्तम रोड होने की वजह से करीब एक घंटा लगे जाम के दौरान रोड के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और उनमें बैठे लोग इस भीषण गर्मी में हलकान हो गये।
000000000000
जाम खुलवाने के बजाय तहसील से चले गए एसडीएम
मुख्य चौराहे पर जाम लगे करीब एक घंटे का समय बीत गया, परन्तु कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। नतीजा जाम में फंसे लोग बिलबिलाते रहे। खास बात यह रही कि एसडीएम पदम सिंह जाम स्थल पर जाने के बजाय आफिस से कहीं चले गए कोतवाल के समझाने पर जब जाम खुल गया। तब कुछ देर बाद एसडीएम तहसील पहुंच गए।
0000000000000
एसडीएम ने फसल कटवाने के आदेश दिए हैं, परन्तु विवादित जमीन किस नंबर में और कहां है इसे बताने के लिए जब तक राजस्व विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं होगा, वह लोग उसे कैसे चिन्हित कर सकेंगे। इस मामले में उनकी स्पष्ट बात है कि जब तक तहसील का कोई अधिकारी मौके पर साथ नही जाएगा पुलिस का वहां पर जाने का कोई मतलब नही।
केके चौधरी, इंस्पेक्टर, जलालाबाद कोतवाली