सदर बाजार स्थित चार्लीज एंजल्स सैलून में मेकअप करातीं महिलाएं। संवाद
शाहजहांपुर। करवाचौथ नजदीक आते ही महिलाओं के सजने-संवरने को लेकर बाजार में रौनक बढ़ गई है। ब्यूटी पार्लरों में मेकअप और मेहंदी के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए पार्लरों ने विशेष पैकेज पर 60 प्रतिशत तक छूट दी है।
ब्यूटी पार्लरों में पहले करीब 2500 रुपये में होने वाला फुल मेकअप अब ऑफर के तहत 999 रुपये में बुक किया जा रहा है। इनमें कोरियन मेकअप की सबसे ज्यादा मांग है। महिलाओं ने करवाचौथ के लिए पहले से स्लॉट बुक कराने शुरू कर दिए हैं।
मेहंदी के लिए 200 से 2000 रुपये तक के पैकेज उपलब्ध हैं। इसमें एक हाथ से लेकर दोनों हाथों में मेहंदी लगाना शामिल है। मेहंदी लगाने में अधिक समय लगने और कारीगरों की संख्या सीमित होने के कारण अधिकांश पार्लरों में स्लॉट लगभग बुक हो चुके हैं। सदर बाजार स्थित चार्लीज एंजल्स सैलून संचालक हया खान ने बताया कि करवाचौथ के लिए बुकिंग तेजी से हो रही है। मेकअप पैकेज पर 60 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है, जबकि मेहंदी के लिए महिलाओं में काफी उत्साह है।