मध्य उत्तर प्रदेश का सुप्रसिद्ध कार्तिक मेला ढाईघाट बुधवार से शुरू हो रहा है। मेला शुभारम्भ की पूर्व संध्या पर मेले मे सड़कें ,मेला कोतवाली,ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारियों के आवास-प्रवास की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकीं हैं। मेला 17 नवंबर तक चलेगा। मेले का मुख्य पर्व कार्तिक पूर्णिमा 14 नवंबर को है।
गत दिवस डीएम-एसपी के मेला स्थल पर भ्रमण के बाद मेला प्रबंधक जिला पंचायत प्रशासन सक्रिय हो गया है। मेले मे पहले दिन ही सभी व्यवस्थायें मुकम्मल किये जाने के सख्त निर्देश के बाद जिला पंचायत के इंजीनियर राजेश कुमार वर्मा और जेई राहुल काम्बले ने मेला स्थल पर ही डेरा डाल दिया है।
जिला पंचायत के इन अभियंताओं के निर्देशन मे ऊबड़-खाबड़ मेला स्थल का समतलीकरण,गंगा घाटों की सफाई,गहरे घाटों पर बेरीकेटिंग,प्रकाश आदि की व्यवस्थाओं को लगभग अन्तिम रूप दिया जा रहा है। मेले की सुरक्षा के लिए अभी तक जिले से पुलिस फोर्स नहीं पहुंचा है। मिर्जापुर थाने की पुलिस क्षेत्र के साथ ही मेले की सुरक्षा भी संभाले हुए है।