जलालाबाद/ अल्हागंज। जल चढ़ाने गोला गोकर्णनाथ जा रहे अल्हागंज निवासी शनि राठौर की ट्रॉली के पहिये के नीचे दबकर मौत हो गई। शनिवार दोपहर शाहजहांपुर रोड पर हुए हादसे के दौरान शनि ट्रॉली पर डांस कर रहा था। अचानक झटका लगने से वह सड़क पर गिरा और उसी ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गया। मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना अल्हागंज क्षेत्र के मोहल्ला बगिया निवासी अवधेश राठौर के 25 वर्षीय बेटे शनि राठौर के अलावा मोहल्ले व आसपास के करीब 40-45 लोग शुक्रवार रात कांवड़ चढ़ाने गोला जा रहे थे। ये सभी एक ट्रैक्टर से जुड़ीं तीन ट्रॉलियों में सवार थे। पांचाल घाट से जल लेने के बाद सभी गोला को निकले थे। एक ट्रॉली पर सवार शनि सहित अन्य साथी कांवड़िये डीजे पर नाच रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे जब ट्रॉली शाहजहांपुर रोड पर जलालाबाद के बारह पत्थर चौराहे के आगे गांव ककरहा के पास थी तभी झटका लगने से शनि सड़क पर आ गिरा। ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। राहगीरों की मदद से उसे बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
हादसे के बाद भाग निकले साथी, सोशल मीडिया से हुई जानकारी
शनि की मौत के बाद उसके सभी साथी ट्रैक्टर ट्रॉली मौके पर ही छोड़कर भाग गए। किसी के मौजूद न होने से उसकी शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने शव को सीएचसी पहुंचाया। किसी ने फोटो लेकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। इस पोस्ट को घर में मौजूद शनि के भाई ने देखा। इसके बाद घरवाले जलालाबाद पहुंचे तब उसकी शिनाख्त हो सकी।
एक साल पहले ही हुई थी शनि की शादी
अवधेश के चार बेटों में शनि दूसरे नंबर का था। वह मजदूरी करता था। पिछले साल उसकी शादी हरदोई के सिमरिया गांव निवासी कंचन के साथ हुई थी। शनि की मौत की खबर पाकर पत्नी समेत परिजन का बुरा हाल है।