निगोही। खुद को तिलहर विधानसभा के पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा की बहू बताने वालीं सरिता यादव ने शनिवार शाम को हंगामा कर दिया। सरिता थाने के सामने बने रोशन लाल वर्मा की पुत्रवधू रुचि वर्मा के आवास में घुसने का प्रयास करने लगीं। इसके बाद धरने पर बैठ गईं। रुचि वर्मा की तहरीर के बाद पुलिस एक घंटे की मशक्कत के बाद सरिता को थाने ले आई।
थाने के सामने रोशनलाल वर्मा के पुत्र विनोद वर्मा का आवास है। यहां उनकी पत्नी रुचि वर्मा बच्चों के साथ रहती हैं। शनिवार को खुद को विनोद वर्मा की पत्नी बताने वाली सरिता यादव थाने के सामने बने आवास में पहुंच गईं। उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि मकान के किरायेदारों के कमरों के ताले तोड़ने की कोशिश की। इसके बाद धरने पर बैठ गईं। सरिता ने बताया कि उसने वर्ष 2020 में परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। उनका नाम भी रजिस्टर में दर्ज हो गया था। बेटी प्रिसिंस का नाम दर्ज नहीं हो सका था। 27 जुलाई को परिवार रजिस्टर की नकल लेने के लिए संबंधित बाबू को प्रार्थना पत्र दिया तो उसने नकल देने से इन्कार कर दिया। उन्होंने डीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर नकल दिलाने की मांग की। सरिता के धरने को देखकर रुचि वर्मा ने थाने में तहरीर दी। बताया कि शाम छह बजे उनके मकान में महिला जबरदस्ती घुसने की कोशिश कर रही है। उनकी तहरीर के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सरिता को समझाया और एक घंटे बाद थाने ले आई।
सरिता यादव का मामला कोर्ट में चल रहा है। पुलिस ने सरिता को थाने से परिजन की सुपुर्दगी में दिया है। सरिता को बता दिया गया है कि न्यायालय से जो आदेश होगा, उसके अनुसार कार्रवाई होगी। - एस. आनंद, एसपी
आईजी ने निकाला रूट मार्च
निगोही। आईजी रमित शर्मा ने एसपी एस आनंद के साथ शनिवार शाम करीब साढ़े आठ बजे क्षेत्र में रूट मार्च निकाला। थाने के सामने से आईजी के नेतृत्व में शुरू हुआ रूट मार्च ब्लाक, हमजापुर चौराहा होते हुए पेट्रोल पंप के पास पहुंचा। वहां से थाने तक फोर्स ने वापसी की। इस बीच चौराहे पर भीड़ देखकर आईजी ने संवाद भी किया। आईजी ने बताया कि यह थाना पीलीभीत-शाहजहांपुर जिलों को जोड़ता है। बॉर्डर होने के कारण कई अनैतिक कार्य भी लोग करते हैं। दोनों जिलों के थाने आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगा सकें। ऐसे तालमेल बैठाने के निर्देश दिए। आईजी ने थाने का निरीक्षण भी किया। उन्हें सब ठीक मिला है।