जिला कारागार में कांवड़ यात्रा निकालते बंदी। स्रोत: जेल प्रशासन
शाहजहांपुर। सावन के दूसरे सोमवार को जिला कारागार भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। हर हर महादेव के जयकारों के बीच बंदियों ने कांवड़ यात्रा निकाली। इस बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
220 पुरुष व 21 महिला बंदी उपवास रख रहे हैं। यहां पर कांवड़ यात्रा को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारी चल रही थी। बंदियों ने खुद ही कांवड़ तैयार कीं। सावन के दूसरे सोमवार पर पांचाल घाट फर्रुखाबाद से लाए गए गंगाजल को उपलब्ध कराया गया। बेलपत्र, धतूरे, माला व अन्य पूजन सामग्री की व्यवस्था जेल प्रशासन ने की।
दो बंदियों का शिव-पार्वती के रूप में शृंगार किया गया। इसके बाद कांवड़ के साथ तिरंगा और भगवान शिव के झंडे को लेकर बंदियों ने भ्रमण किया। प्रत्येक अहाते और बैरक में कांवड़ यात्रा निकाली गई। इसके बाद बैरक नंबर 11 में शिव मंदिर में वरिष्ठ जेल अधीक्षक मिजाजी लाल ने जलाभिषेक किया।
बंदियों ने जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया। इसी तरह महिला बंदियों ने अपनी बैरक में अलग-अलग कांवड़ यात्रा निकाली और भजन गाते हुए जलाभिषेक किया। ब्रिटिश महिला नागरिक ने भी कांवड़ यात्रा में शामिल होकर जलाभिषेक किया। इसी तरह अपने पति की हत्या में निरुद्ध महिला बंदी गायत्री भी कांवड़ यात्रा में शामिल हुईं।
जिला कारागार में कांवड़ यात्रा निकालते बंदी। स्रोत: जेल प्रशासन