शाहजहांपुर। सावन में कांवड़ यात्रा सकुशल कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। एक-दो दिन में मजिस्ट्रेट तय कर दिए जाएंगे। साथ ही कांवड़ रूट पर गड्ढे भरवाने के साथ ही छुट्टा पशुओं को हटाने की कवायद शुरू हो गई है।
11 जुलाई से सावन का शुभारंभ होगा, जो कि नौ अगस्त तक चलेंगे। सावन में शिवभक्त मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। भक्त जिले में ढाई घाट और घटियाघाट से कांवड़ भरकर गोला गोकर्णनाथ जाते हैं। कांवड़ भरने वाले ज्यादातर श्रद्धालु सोमवार से पहले शनिवार को कांवड़ लेकर निकलते हैं। अल्हागंज से होते हुए जलालाबाद के याकूबपुर तिराहा से होते हुए कांट से बरेली मोड़ होते हुए गर्रा फाटक से कच्चा कटरा से खिरनीबाग होते हुए सुभाष चौहारा से मोहम्मदी रोड होते हुए गोलागोकरणनाथ मंदिर पहुंचते हैं। यहां पर भक्त कांवड़ चढ़ाते हैं।
पुलिस और प्रशासन के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रहेंगे तैनात
कांवड रूट पर सिटी मजिस्ट्रेट, क्षेत्र के एसडीएम, सीओ और क्षेत्र के थाना की पुलिस, यातायात पुलिस, खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी तैनात रहेंगे। चिकित्सा शिविर के साथ जगह-जगह पर 102 एंबुलेंस और डायल 112 तैनात रहेंगी। रास्ते में जहां पर कांवड़ियों के खाने-पीने की व्यवस्था की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी उसकी पहले जांच करेंगे। पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को कांवड़ रूप पर कैचर वाहन के साथ तैनात किया जाएगा।
रूट पर मांस और शराब की दुकानें रहेंगी बंद
कांवड़ मार्ग पर मांस व मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था की जा रही है। विद्युत निगम रूट में पड़ने वाले सभी ट्रांसफार्मरों को ढकेगा। साथ ही बिजली के खंभों को पॉलीथिन से कवर किया जाएगा।
कांवड़ यात्रा को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। एक-दो दिन में मजिस्ट्रेट की भी तैनाती हो जाएगी। कांवड़ यात्रा में किसी प्रकार की कमी नहीं हो, इस पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। - रजनीश मिश्रा, एडीएम प्रशासन