शाहजहांपुर। कांवड़ यात्रा की तैयारियों के संबंध में सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। डीएम ने यात्रा मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त करने के साथ ही मीट की दुकानों को बंद कराने के निर्देश दिए।
एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने बताया कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र को छह जोन और 17 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। डीएम ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और विद्युत निगम को यात्रा मार्ग के गड्ढे तत्काल भरने, ढीले बिजली के तार दुरुस्त करने, खुले ट्रांसफाॅर्मरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बिजली के खंभों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अल्हागंज, जलालाबाद, कांट, बरेली मोड़, हथौड़ा और जरियनपुर में कांवड़ सेवा शिविर स्थापित करने के निर्देश दिए। हर सात से आठ किमी पर रैन बसेरा, शौचालय, स्नानघर, चेंजिंग रूम और पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को यात्रा मार्ग के होटलों और दुकानों का नियमित निरीक्षण करने, रेट सूची प्रदर्शित कराने, दुकानदारों के लिए पहचानपत्र अनिवार्य कराने और खाद्य गुणवत्ता पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी को मार्ग किनारे पेड़ों की छंटाई कराने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसी कैमरे लगाकर उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में एसपी सौरभ दीक्षित व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।