कांट में अध्यक्ष मुनारा बेगम को कार्यभार ग्रहण करवातीं नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी नूरजहां। स्रो
कांट। नगर पंचायत की अध्यक्ष मुनारा बेगम को इलाहाबाद उच्च न्यायालय से राहत मिलने के बाद मंगलवार को दोबारा कार्यभार ग्रहण कराया गया। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर ईओ नूरजहां ने उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया।
नगर पंचायत की बोर्ड बैठकों में चेयरमैन के शामिल नहीं होने के बावजूद कई प्रस्ताव पारित किए गए। इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था का उल्लंघन मानते हुए पिछले दिनों डीएम से शिकायत की गई थी। बाद में सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने जांच की। इससे स्पष्ट हुआ कि चेयरमैन की जगह उनके बेटे रईस मियां बोर्ड की कई बैठकों में शामिल होते रहे।
इसी रिपोर्ट के आधार पर शासन ने अध्यक्ष की वित्तीय एवं प्रशासनिक शक्तियां निलंबित कर उनके प्रयोग एवं निष्पादन का अधिकार जिला मजिस्ट्रेट अथवा उनके द्वारा नामित किसी अधिकारी को देने के आदेश दिए।
हाईकोर्ट के इसी पूर्व आदेश के आधार पर डीएम ने एडीएम वित्त अरविंद कुमार को नगर पंचायत का प्रशासक नामित किया। इस आदेश के खिलाफ निर्वाचित चेयरमैन ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। चेयरमैन के पुत्र रईस मियां के अनुसार इसी याचिका की सुनवाई कर न्यायालय ने मुनारा बेगम के वित्तीय अधिकार बहाल करने का आदेश दिया।