शाहजहांपुर। जिले के अलग-अलग गांवों में डिप्थीरिया (गलाघोंटू) संभावित बच्चों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उनका सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजा गया था। बच्चों की जांच रिपोर्ट सीएमओ के पास आ गई है। कलान के सुखरीत की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शेष दो बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
एक अगस्त को कलान के गांव वजीदापुर निवासी सुखरीत (छह), मदनापुर के सुनौरा बहादुर निवासी शिवानी (छह) व खुटार के पश्चिमी गढ़ी नारायनपुर निवासी तत्सव मिश्रा (7) में डिप्थीरिया जैसे लक्षण मिले थे। सीएमओ के निर्देश पर तीनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। तीनों का सैंपल लेकर लखनऊ भेजा गया था। दो अक्तूबर को वजीदापुर निवासी सुखरीत की मौत हो गई थी। शिवानी व तत्सव की हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। बच्चों की जांच रिपोर्ट सीएमओ के पास पहुंच गई है। रिपोर्ट में सुखरीत को डिप्थीरिया पॉजिटिव आया है, जबकि शेष दो बच्चे निगेटिव थे।
दो और बच्चों की रिपोर्ट का इंतजार
एक सप्ताह पहले भी मदनापुर और सेहरामऊ दक्षिणी के बच्चे भी अस्पताल में भर्ती हुए थे। उन्हें भी डिप्थीरिया जैसे लक्षण की संभावना के चलते सैंपल लेकर जांच को भेजा था। उनकी जांच रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
कलान के बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आने से पहले ही पीड़ित बच्चों के गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने पहुंचकर टीकाकरण किया था। दस दिन तक टीम ने गांव में रहकर कैंप लगाया था। - डॉ.पीके वर्मा, सीएमओ