कुर्रियाकलां में खंभा लगाने पहुंचे ग्रामीणों से वार्ता करते जेई। संवाद
कुर्रियाकलां। ककराही गांव में तीन माह से टूटे बिजली के खंभे के कारण किसान के सबमर्सिबल पंप की आपूर्ति बंद है। बुधवार को विद्युत निगम के अवर अभियंता और पुलिस चौकी प्रभारी खंभा लगाने पहुंचे, लेकिन पड़ोसी के विरोध के चलते टीम को लौटना पड़ा।
गांव के गुलशन कुमार ने मुख्यमंत्री और डीएम को पत्र भेजकर बताया कि गांव के किनारे खेत में उनका सबमर्सिबल पंप लगा है। ट्रांसफाॅर्मर से पंप तक बिजली लाइन पड़ोसी के खेत की मेड़ से होकर गई है। करीब तीन माह पहले किसी ने हथौड़े से बिजली का खंभा तोड़ दिया था। इसके बाद पंप की बिजली आपूर्ति बंद हो गई और सिंचाई का काम रुक गया।
बुधवार को जेई चौहनापुर ब्रजेश निषाद खंभा लगाने पहुंचे। पड़ोसी ने नया खंभा लगाने का विरोध किया। विवाद से बचने के लिए टीम लौट आई। अधिशासी अभियंता ग्रामीण अनिल मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रशासन की मदद से नया खंभा लगाया जाएगा। संवाद