ड्रमों में गंगाजल लेकर बागेश्वर धाम की पैदल यात्रा पर निकले जॉनी सेन। संवाद
अल्हागंज। समाज में आज भी श्रवण कुमार जैसे बेटों की कमी नहीं है जो अपने मां-बाप की इच्छा को पूरी करने के लिए जी-जान लगा देते हैं। श्रावण माह में कांवड़ियों के जत्थे से अलग ऐसा ही एक युवक हरिद्वार से गंगा जल लेकर निकला है, जो अपने घर से करीब 900 किमी दूर पैदल यात्रा कर मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम जाएगा।
कंधों पर दो बड़े ड्रमों में 65 लीटर गंगा जल भरकर निकले हरियाणा के चरखी दादरी जिला निवासी जॉनी सेन रविवार को अल्हांगज पहुंचे। बातचीत में उन्होंने बताया कि वह बाबा बागेश्वर धाम के संत धीरेंद्र शास्त्री को स्नान कराने के लिए गंगाजल भरकर ले जा रहे हैं। यह यात्रा उन्होंने अपनी मां की इच्छा को पूरा करने के लिए शुरू की है। एक बार उनकी मां खुद मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में स्थित बाबा बागेश्वर धाम गई थीं। इस बीच वह धाम में करीब 15 दिन रुकीं, लेकिन उन्हें बाबा धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन नहीं हो सके। लाैटने पर जाॅनी को यह बात उनकी मां ने बताई और दर्शन की इच्छा जताई। इस पर जाॅनी ने यह फैसला लिया कि संत धीरेंद्र शास्त्री के स्नान जितना गंगा जल लेकर वह घर से पैदल हरिद्वार से गंगाजल लेकर धाम में जाएंगे।
बताया कि उन्होंने इस यात्रा में 28 दिन हो गए हैं, वह एक जुलाई को घर से निकले थे। 17 अगस्त के आसपास बागेश्वर धाम पहुंचेंगे। उन्होंने प्रतिदिन 20 किमी चलने का लक्ष्य बनाया है। इस यात्रा का पुण्य लाभ भी वह अपनी मां को ही समर्पित करेंगे। वह इसी इच्छा से बाबा बागेश्वर धाम जा रहे हैं ताकि उनकी मां पर संत धीरेंद्र शास्त्री दर्शन दें।