शाहजहांपुर। मिर्जापुर के पृथ्वीपुर गांव निवासी जितिन यादव उर्फ नेकसू (21 वर्ष) की गला दबाकर हत्या की गई थी। उसके गले के पास ही चोटों के निशान भी मिले हैं। वहीं, देर शाम तक मामले में थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।
दिल्ली में काम करने वाला जितिन यादव बृहस्पतिवार को अपने खेत की रखवाली करने के लिए निकला था। शुक्रवार की सुबह तक नहीं आने पर परिजन ने तलाश शुरू की। उसका कोई सुराग नहीं लगा था। दोपहर बाद उसका शव ईंट भट्ठे के निकट निर्माणाधीन मंदिर के पास बोरी में पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जितिन की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। उसके गले के पास चोट का निशान है। शनिवार को जितिन के शव का अंतिम संस्कार ढाई घाट गंगा तट पर कर दिया गया। परिजन रविवार को तहरीर देने की बात कह रहे हैं। जलालाबाद सीओ अमित चौरसिया ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बाइक सवाराें ने महिला का पर्स छीना, हजाराें का माल ले गए
रोजा। हरदोई जिले के थाना मझिला के गांव ररी निवासी राजीव कुमार शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे अपनी साली संगीता के साथ जा रहे थे। संगीता चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बिजलीपुरा की रहने वाली हैं। रोजा थाना क्षेत्र में जमुका ओवरब्रिज के पास पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया और भाग गए। पर्स में एक सोने की चेन, एक जोड़ी चांदी की पायल, 14 हजार रुपये रखे थे। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। संवाद