रविवार को झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद ही अधेड़ की मौत हो गई। झोलाछाप अधेड़ का शव उसके घर में डालकर भाग गया। पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।
गांव बिरहना का एक 50 वर्षीय व्यक्ति रविवार को गांव ढका घनश्याम में बुखार की दवा लेने गया था। बताया जाता है कि झोलाछाप के इंजेक्शन लगाते ही अधेड़ की हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। अधेड़ की मौत से झोलाछाप घबरा गया। उसने अपने परिवार के लोगों को मौके पर बुला लिया। ये लोग अधेड़ के शव को उसके घर डालकर भाग गए। बाद में झोलाछाप ने गांव के कुछ लोगों की मदद से अधेड़ के परिवार के लोगों को कार्रवाई नहीं करने के लिए मना लिया। झोलाछाप का कहना है कि अधेड़ उसकी दुकान के आगे गिर पड़ा था। उसने इलाज भी किया, लेकिन अधेड़ ने दम तोड़ दिया। अधेड़ के परिवार वाले मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है। सोमवार को अधेड़ का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।