खुटार (शाहजहांपुर)। पीलीभीत के कस्बा पूरनपुर के मोहल्ला खानकाह निवासी इकबाल शाह ने टाटा मैजिक चालक और उसके साथियों पर पुत्री के जेवर गायब करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक लगभग छह लाख रुपये के जेवर गायब किए गए हैं। उन्होंने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
इकबाल शाह ने बताया कि 12 दिसंबर को उनकी पुत्री शाहीन बी अपने मायके पूरनपुर से ससुराल शाहजहांपुर जा रही थी। पुत्री के पास बैग में कपड़े और सोने-चांदी के जेवर थे। खुटार के तिकुनियां चौराहे से एक टाटा मैजिक चालक ने पुत्री को शाहजहांपुर जाने के लिए वाहन में बिठा लिया और दूसरे टाटा मैजिक चालक से झगड़ा करने लगा। इस दौरान पुत्री के बैग से जेवर गायब कर दिए गए। टाटा मैजिक थाने के सामने भी रुकी थी और टाटा मैजिक का नंबर आदि का वीडियो सीसी कैमरों में भी बना है।
शाहीन-बी ने शाहजहांपुर जाकर बैग खोला तो जेवर गायब मिले। पुत्री को आशंका है कि चालक और उसके साथियों ने ही जेवर गायब किए हैं। उन्होंने तहरीर दी तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उनसे लिखवा लिया कि वह कोई कार्रवाई नहीं करना चाहती हैं। कार्यवाहक थाना प्रभारी सुभाषचंद्र ने बताया कि तहरीर दी गई है तो जांच कराई जाएगी।