शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा में ट्रांसफॉर्मर के फुंकने पर अवर अभियंता पर कार्रवाई की गई है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर एसई जागेश कुमार ने जेई मुनेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया है। उन्हें बदायूं संबद्ध किया गया है। मामले में कई अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की संभावना है।
कटरा में पांच एमवीए का ट्रांसफॉर्मर नौ सितंबर को फुंक गया था। इसके बाद टेस्टिंग टीम ने मौके पर जाकर जांच की। उसे सही भी कर लिया था। बताते हैं कि पुराने ट्रांसफॉर्मर पर बिजली गिरने से इंसुलेटर भी पंक्चर हो गया। ट्रांसफॉर्मर चलने के बाद फिर से ट्रिप कर गया।
ट्रांसफॉर्मर की खराबी पर एसई जागेश कुमार ने अवर अभियंता मुनेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया। उन्हें बदायूं संबद्ध कर दिया है। निगम की इस कार्रवाई से अवर अभियंता में रोष व्याप्त है। इसे लेकर अवर अभियंता एसई से मिलकर मुद्दा रखेंगे। एसई ने बताया कि जेई ने ट्रांसफॉर्मर का रख-रखाव ठीक से नहीं किया। उसमें तेल समय से नहीं डालने के चलते फुंकने पर कार्रवाई की गई है।
गर्मी में लोकल फॉल्ट ने बढ़ाई मुसीबत
भीषण गर्मी में लोकल फॉल्ट में इजाफा हो गया है। सोमवार काे निगोही रोड उपकेंद्र के निसरजई फीडर पर सबसे ज्यादा दुश्वारियां रहीं। शहीद अशफाक उल्ला खां की मजार के पास दो बार एलटी का तार टूटने से बिजली की आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते उपभोक्ताओं को दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा। रात एक बजे तक उपभोक्ता बिजली की आवाजाही से परेशान रहे।