खुटार के गांव चठिया महारानीगंज निवासी सुनील कुमार की मौत पर रोती पत्नी गुड्डी देवी। संवाद
खुटार। अज्ञात वाहन की टक्कर से जेसीबी चालक खुटार के गांव महारानीगंज चठिया निवासी 35 वर्षीय सुनील कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पत्नी गुड्डी ने बताया कि सुनील एक ईंट भट्ठे पर जेसीबी चलाते थे। सुनील रविवार शाम को बाइक से घरेलू सामान लेने लखीमपुर के कस्बा मैलानी जाने की बात कहकर निकले थे। वापस घर आते समय खुटार-मैलानी मार्ग पर कठिना नदी पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर बाइक में लग जाने से सुनील गंभीर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे परिजन सुनील कुमार को खुटार सीएचसी लाए थे। हालत गंभीर होने के कारण सुनील को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। सोमवार सुबह छह बजे सुनील ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गुड्डी देवी के अनुसार सुनील की कमाई से परिवार की गुजर होती थी। पति की मौत से पत्नी और तीन बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सुनील का बड़ा पुत्र सौरभ 10 साल, गौरव सात साल और सौभाग्य आठ महीने का है।