रेलवे स्टेशन पर जननायक एक्सप्रेस का इंजन फेल हो जाने की वजह से ट्रेन करीब दो घंटे तक रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। इससे यात्रियों को भीषण गर्मी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार को डाउन लाइन की ओर जननायक एक्सप्रेस दोपहर करीब एक बजे रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची। इस दौरान ट्रेन जैसे ही चलने को हुई तो उसका इंजन फेल हो गया। पहले तो ट्रेन को चालक, सहायक चालक और गार्ड ने चलाने का प्रयास किया। बाद में स्टेशन पर मौजूद स्टॉफ कर्मियों के साथ स्टेशन अधीक्षक एके गौतम और रोजा जंक्शन के सीएलआई प्रेम कुमार ने इंजन को चेक किया तो पाया कि इंजन का एक्सल लॉक हो गया है। स्टेशन अधीक्षक ने बंथरा से दूसरा इंजन मंगवाया। इंजन आ जाने पर खराब इंजन को शंटिंग करके लाइन संख्या सात पर ले जाया गया। इसके बाद दूसरा इंजन जोड़कर करीब तीन बजे ट्रेन को रवाना किया गया।
दो घंटे तक इंजन फेल होने की वजह से यात्रियों को भीषण गर्मी झेलने को मजबूर होना पड़ा। इंक्वायरी काउंटर पर बार-बार यात्री ट्रेन चलने के बारे में पूछ रहे थे। कुछ रेलयात्रियों ने स्टेशन अधीक्षक से इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि इंजन का एक्सल लॉक हुआ है। जल्द ही दूसरा इंजन लगवाकर ट्रेन को रवाना किया जाएगा। इस पर रेलयात्री शांत होकर चले गए।