शाहजहांपुर। सीवर लाइन डाले जाने के लिए गड्ढे खोदे से जाने के चलते जाम की दिक्कत कम होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को पूरे दिन लोग प्रमुख सड़कों पर जाम से दो-चार होते रहे। कई जगह जाम होने के बावजूद पुलिस नजर नहीं आई।
वाजिदखेल मोहल्ले में पेट्रोल पंप के पास सीवर लाइन की खुदाई के लिए गड्ढा खोदा गया है। आधी से अधिक सड़क पर गड्ढा खोदा होने के कारण यहां पर लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा। गली भर रास्ता होने के कारण आने और जाने वालों का निकलना दूभर हो रहा है। इसके चलते शनिवार को यहां पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। ई-रिक्शा, जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक सवार तक फंसे रहे। आसपास की गलियों से लोगों ने निकलने का प्रयास किया, लेकिन वहां भी खुदाई होने के कारण वाहन वापस करना पड़ गए। खास बात यह है कि सड़क जाम होने के बाद भी पुलिस की ड्यूटी नहीं लगाई है।
इसी तरह विसरात रोड पर पुल से मुख्य सड़क की तरफ आने और जाने को लोग जूझते रहे। यहां पर लोग घंटों जाम में फंसे रहे। भैंसों के गुजरने के दौरान लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि सीवर लाइन की खुदाई के कारण जाम लग रहा है। जहां जाम की सूचना मिलती है, पुलिसकर्मियों को भेजकर जाम को खुलवाया जा रहा है।