शाहजहांपुर। जिला उद्योग बंधु समिति की शुक्रवार को विकास भवन सभागार मेें हुई मासिक बैठक मेें उद्यमियों ने कांट रोड पर स्थित जमौर इंडस्ट्रीयल एरिया को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए स्वतंत्र बिजली फीडर स्थापित करने की मांग उठाई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन वीके अग्रवाल से कार्य प्रगति के बारे में पूछा। एक्सईएन ने बताया कि स्वतंत्र फीडर के लिए अगले वित्त वर्ष में काम शुरू हो जाएगा और इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के पदाधिकारियों से वार्ता कर स्थान जल्द तय कर लिया जाएगा।
पिछली बैठक में पारित हो चुका प्रस्ताव
जमौर औद्योगिक क्षेत्र में यूपीएसआईडीसी की लगभग 40 औद्योगिक इकाइयां हैं। इसके अलावा कांट रोड पर साउथ सिटी कॉलोनी के आगे से लालपुर गांव तक रोड साइड में दोनों ओर पेपर मिल, गत्ता मिल, प्लाइवुड फैक्टरी, राइस मिलें आदि हैं। इन सभी इकाइयों को बरेली मोड़ स्थित 33 केवी बिजली उपकेंद्र के शहरी और कांट सब स्टेशन के ग्रामीण फीडर से बिजली दी जा रही है। इन इकाइयों के नियमित संचालन के लिए उद्यमियों ने स्वतंत्र फीडर देने की मांग की। शुक्रवार को फिर यही मुद्दा उठने पर डीएम ने पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन ग्रामीण वेद प्रकाश अग्रवाल से स्थिति की जानकारी मांगी तो उन्होंने बताया कि जमौर औद्योगिक क्षेत्र को स्वतंत्र फीडर का प्रस्ताव निदेशालय स्तर पर स्वीकृत हो चुका है। वित्तीय वर्ष 2020-21 में काम शुरू करा दिया जाएगा। इस पर डीएम ने कहा रोजा इंडस्ट्रियल एरिया में स्वतंत्र फीडर के लिए आईआईए के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्थान जल्द तय करें, ताकि शासन को प्रस्ताव भेजा जा सके। बैठक में मौजूद आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल और चैप्टर चेयरमैन अभिनव ओमर ने इस पर सहमति दी।
हॉटमिक्स से जल्द बनेगा रोजा मालगोदाम रोड
उद्यमी रामचंद्र सिंघल ने लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर रोजा मालगोदाम के पास सड़क में गड्ढे और हर समय धूल उड़ने की समस्या बताई। डीएम ने कहा कि हरदोई रोड पर हॉटमिक्स प्लांट लग चुका है और बहुत जल्द सड़क पर पैचवर्क शुरू करा दिया जाएगा। राइस मिलर एसोसिएशन के अध्यक्ष हरी किशोर गुप्ता ने विगत वर्षों का पीसीएफ पर धान कुटाई, भाड़ा एवं अन्य मदों में बकाया धनराशि का भुगतान जल्द कराने का अनुरोध किया। इस मामले में डीएम ने पीसीएफ प्रतिनिधि को भुगतान की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में विवेक अग्रवाल, रामचंद्र अग्रवाल, सुरेश सिंघल, विनम्र अग्रवाल, अंकित गुप्ता, विश्व मित्र तलवाड़, ज्ञान देव गुप्ता, स्वतंत्र कुमार, रोहित अरोरा आदि मौजूद रहे।