मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर लगा वाहनों का लंबा जाम। संवाद
कलान। अवैध कब्जों के कारण बदायूं-फर्रुखाबाद स्टेट हाइवे पर शनिवार दोपहर जाम लग गया। करीब एक घंटे तक वाहनों के पहिये थमे रहे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
हाईवे के चौराहे पर सवारियां ढोने वाले ई-रिक्शा, ऑटो थ्री व्हीलर, इको कार, टाटा मैजिक आदि वाहनों की सुबह से भरमार हो जाती है। हालात तब बिगड़ते हैं, जब वहीं पर फल-सब्जी और चाट-चाऊमीन के ठेले भी लग जाते हैं। इससे विपरीत दिशा से दो वाहन सामने आने पर जाम लग जाता है। पैदल राहगीरों को भी आगे निकलने की जगह नहीं मिलती। इसीलिए हाईवे पर आए दिन जाम लगता है।
शनिवार को भी यही हुआ। दिन में 11 बजे तक हाईवे पर आवागमन सामान्य रहा, लेकिन बाद में भीड़ बढ़ने पर यातायात में रुकावट आने लगी। दोपहर करीब एक बजे हाईवे के चौराहे पर इतने डग्गामार वाहन एकत्र हो गए कि एक ट्रक को आगे निकलने का रास्ता नहीं मिला। कुछ देर तक लोग निकलते रहे, लेकिन फुटपाथ भी घिर जाने से दोपहर करीब दो बजे जाम लग गया। इस कारण बदायूं, बाराकलां, मिर्जापुर, परौर आदि सभी मार्गों पर एक घंटे तक वाहन फंसे रहे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चंद्र ने थाने से सिपाहियों और होमगार्ड के दो जवानों को मौके पर भेजा। शाम करीब तीन बजे जाम खुलने पर हाईवे पर आवागमन सामान्य हो सका।
000
एसडीएम की चेतावनी बेअसर
स्टेट हाइवे पर आए दिन जाम की समस्या खत्म कराने को एसडीएम चित्रा निर्वाल ने बृहस्पतिवार को कस्बे के प्रमुख मार्गों का भ्रमण कर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने दो दिन में अतिक्रमण हटाने के निर्देश देने के साथ ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। एसडीएम ने नगर पंचायत के जरिये दो दिन बाद अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाए जाने की मुनादी भी कराई। तब से अतिक्रमण हटाने के कोई प्रयास नहीं किए जाने से दुकानदार बेखौफ होकर हाईवे की दोनों पटरियों पर कब्जा कर रहे हैं।