तिलहर के बिरियागंज बाजार में लगा जाम। संवाद
तिलहर। होली नजदीक आते ही नगर के मार्गों पर यातायात का दबाव फिर से बढ़ने लगा है। शनिवार को दोपहर त्योहारी खरीदारी के लिए नगर समेत तमाम गांवों से लोग पहुंचे, तो बाजारों के रास्ते राहगीरों से भर गए। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे मुख्य बाजार बिरियागंज के चौराहा पर बड़े वाहनों के चलते कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया।
इससे पहले, दशहरा और दिवाली पर भी बिरियागंज बाजार में दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश से कई बार जाम लग चुका है। उस दौरान पुलिस अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई थी। बाद में चौराहे पर तैनात पुलिस के जवान वहां से हटा लिए गए। यही वजह रही कि आज जाम लगने पर भी देर तक कोई पुलिस कर्मी नजर नहीं आया।
इस कारण जाम में फंसे वाहन रेंगते नजर आए। जाम के कारण ग्राहकों की आवक घटने से दुकानदार भी मायूस बने रहे। जाम लगने के करीब एक घंटे बाद वहां पहुंची पुलिस ने यातायात सुचारु कराने का प्रयास कर जाम खुलवाया। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि होली को देखते हुए बाजार क्षेत्र में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की तैयारी की जा रही है।