सीएचसी पर पहुंचे तिलहर क्षेत्र के गांव तालवीपुर दियुरिया में सियार के हमले में घायल।
शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के गांव तालवीपुर दियुरिया में सियार ने तीन महिलाओं समेत पांच से ज्यादा लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इससे ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण दिन ढलने के बाद घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। सूचना मिलने पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर अजय कुमार ने गांव में आकर घायल ग्रामीणों से बात की। हालांकि, सियार को पकड़ने के लिए विभाग ने अभी कोई कार्रवाई नहीं की है।
तालवीपुर में बुधवार को आधी रात के बाद एक सियार गांव के अंदर आ गया। उसने घरों के बाहर सो रहे प्रधान वेदराम के पिता राजपाल, रामपाल की पत्नी राजेश्वरी, टिकोली देवी और सुमित्रा को काटा। इसी रात सियार ने पड़ोस के गांव कितारपुर में धावा बोलकर अखिलेश के पैर और कुछ लोगों के हाथ में काट लिया। बीते दिन सियार के हमले में घायलों ने सीएचसी पर आकर उपचार कराया।
बांका-भाला लेकर खेतों पर जाते हैं ग्रामीण
वन विभाग के रेंजर घनश्याम शुक्ला ने डिप्टी रेंजर को गांव भेजा। उन्होंने सियार की खोजबीन कराने के बजाय सिर्फ ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी और लौट आए। गांव के पूर्व प्रधान सत्यपाल के अनुसार, खेतों की ओर लोग इकट्ठे होकर डंडा, बांका, भाला आदि लेकर जा रहे हैं। गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक उदित शर्मा के अनुसार, वह लगभग 12 वर्ष से क्षेत्र में तैनात हैं। इस दौरान अक्सर सियार दिखे, लेकिन इससे पहले कभी हमलावर नहीं हुए।