फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विभिन्न संगठनों ने लगाया जाम, पुतले फूंके

Wed, 18 May 2016 11:56 PM IST
ब्यूरो/शाहजहांपुर
विज्ञापन
विभिन्न संगठनों ने लगाया जाम, पुतले फूंके
विज्ञापन
निवर्तमान डीएम विजय किरन आनंद के तबादले के विरोध में विभिन्न संगठनों समेत आम नागरिकों का आक्रोश बुधवार को दूसरे दिन भी सड़कों पर हिलोरें मारता रहा। डीएम की वापसी की मांग को लेकर वकील न्यायिक कार्य से विरत रहे और कलक्ट्रेट परिसर में दिन भर नारेबाजी होती रही। इस बीच, अजीजगंज और रेती में नागरिकों ने जाम लगाकर सरकार के फैसले पर रोष जाहिर किया।
विज्ञापन

सुबह करीब साढ़े आठ बजे अजीजगंज के लोग डीएम के समर्थन में सड़क पर उतर आए। नागरिकों की भीड़ ने गर्रा पुल के पास रोड पर प्रदर्शन करके जाम लगा दिया। कुछ ही देर में कांट, तिलहर, बरेली दिशा से आने वाले वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। जिला अस्पताल जाने वाले मरीज और उनके तीमारदार भी जाम में फंस गए। करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा।  उधर, हथौड़ा-रेती मार्ग दोपहर दो बजे के बाद क्षेत्र के लोग मनोकरण स्कूल के पास रोड पर आ डटे। रास्ते पर भीड़ के कारण हरदोई और सीतापुर रोड से वाहनों की आवाजाही रुक गई। एक घंटे बाद जाम खुला।
इधर सेंट्रल बार के सदस्यों ने हड़ताल पर रहकर न्यायिक कार्य ठप रखा। बार अध्यक्ष आलोक द्विवेदी के नेतृत्व में उमेश सिंह चौहान, हरेंद्र कुमार, गोपाल कृष्ण दीक्षित आदि वकीलों ने सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। सर्व समाज हिताय मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष मोहम्मद नबी की अगुवाई में, शिवसेना कार्यकर्ताओं ने चंचला नैयर व अमन नैयर के नेतृत्व में, भाकियू भानु गुट के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल यादव की अगुआई में और पश्चिमी संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के सदस्यों जिला महामंत्री राहुल गुप्ता व नगर अध्यक्ष रजत खन्ना के साथ कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। 
विज्ञापन


बड़ागांव में हुआ चक्का जाम
पुवायां। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने बुधवार को दोपहर बड़ागांव में पलिया-दिल्ली स्टेट हाईवे पर चक्का जाम करके मुख्यमंत्री और सपा जिलाध्यक्ष के पुतले फूंके। जानकारी पाकर एसडीएम सलिल कुमार पटेल और सीओ सुधीर कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने दोनों अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर डीएम का तबादला निरस्त होने तक रोजाना चक्का जाम करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में महेंद्र कुमार मिश्रा, गौतम शर्मा, सुशील मिश्रा, विनय शर्मा, विनोद मिश्रा, रघुवंश शर्मा, रवि शर्मा, रामपाल, अमन पांडे, रामदेव, विमलेश आदि शामिल रहे।

सिंधौली थाने पर किया प्रदर्शन 
सिंधौली/मुड़िया पवार। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता संजीव आर्य, भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री रज्जन मिश्रा और ब्लाक अध्यक्ष शोभित गुप्ता के नेतृत्व में दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं और टैक्सी चालकों ने पुवायां रोड दो घंटे के लिए जाम कर डीएम आनंद की जिले में वापसी किए जाने की मांग की। बाद में थाना गेट पर प्रदर्शन कर सांसद को राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया।

जलालाबाद में लगा जाम
जलालाबाद। डीएम आनंद और एसडीएम वंदना त्रिवेदी का तबादला रोके जाने की मांग को लेकर बुधवार को पूरे दिन वकीलों समेत विभिन्न संगठनों ने आंदोलन किया। अधिवक्ताओं ने तहसील स्थित सभी कार्यालयों में तालाबंदी कर काम काज ठप करा दिया। वहीं भाकियू कार्यकर्ताओ ने कटरा- फर्रूखाबाद स्टेट हाईवे पर कई घंटे जाम लगाकर अफसरों  को हलकान कर दिया। करीब चार घंटे बाद जाम खुल सका। 

देहातों में भी हुआ प्रदर्शन, किया ट्रैफिक जाम
मिर्जापुर / तिलहर/ मीरानपुर कटरा/ खुदागंज/ कलान। मिर्जापुर मुख्य चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जाम लगाकर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका एवं  मुरादाबाद-फर्रूखाबाद स्टेट हाईवे तथा ढाईघाट-परौर चौराहा जामकर सपा के विरूद्ध नारेबाजी की। प्रदर्शन में अखिलेश गुप्ता, दीपेंद्र गुप्ता, मोहित सिंह, राहुल तिवारी, पंकज पांडेय आदि शामिल रहेे।  तिलहर में नाराज लोगों ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन की अगुवाई में वकीलों ने तहसील परिसर में जुलूस निकालकर नारेबाजी की। एसडीएम को ज्ञापन देने वालाें में नफीस अहमद, श्याम पाल राठौर, पूरन लाल आदि शामिल रहे। मुख्य चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताआें ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। 
मीरानपुर कटरा में भारतीय किसान यूनियन सदस्यों ने खैरपुर के पास जलालाबाद स्टेट हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। मंडल प्रभारी जीशान खां ने नेतृत्व किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने देर शाम चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुनीत शर्मा, अनुज सैनी, राम आसरे मिश्रा आदि मौजूद रहे। खुदागंज में नगर पंचायत के पूर्व चेयरमेन सुधीर सिंह,  व्यापार मंडल अध्यक्ष कृपाशंकर रस्तोगी, भारत परिषद के जिला उपाध्यक्ष मिर्जा राशिद बेग, प्रधान संगठन के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष बालिस्टर सिंह ने संयुक्त हस्ताक्षर से सीएम को ज्ञापन भेजा। कलान में भाकियू की जिलाध्यक्ष तारा यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर दो घंटे जाम लगा दिया। सीओ जलालाबाद उमेश शर्मा मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया। जाम लगाने वालों में रेखा देवी, मुन्नीदेवी, शिया देवी, रानी देवी, वीरपाल यादव आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें