शाहजहांपुर। इस सर्दी के सीजन में बुधवार की रात सबसे ठंडी रही। न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री पहुंच गया। नवंबर माह में न्यूनतम तापमान के निचले स्तर पर पहुंचने का पांच वर्ष पुराना रिकाॅर्ड टूट गया। इससे पहले 24 नवंबर 2020 को न्यूनतम तापमान सात डिग्री रहा था। गन्ना शोध संस्थान के मुताबिक पहाड़ों में बर्फबारी और पछुआ हवा के चलने से न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने का अनुमान है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह हल्का कोहरा रहा। दिन में मौसम साफ हो गया। इससे अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई। अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।
अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री की वृद्धि हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। डॉ. मनमोहन सिंह के मुताबिक पछुआ हवा चलने से आर्द्रता 45 फीसदी रह गई है। इससे वातावरण में नमी कम हो गई है। वायुदाब नौ मिलीबार बढ़ा हुआ है। पछुआ हवा और पहाड़ों पर बर्फबारी के असर से न्यूनतम तापमान में और गिरावट होगी। हल्का कोहरा रहने का अनुमान है।