शाहजहांपुर। प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले का समापन नजदीक आने के बाद एक बार फिर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। लोग बस व ट्रेन के जरिये रवाना होने लगे। रविवार को त्रिवेणी एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़ रही। पहले से भरी गाड़ी में नहीं चढ़ पाने से तमाम यात्री प्लेटफॉर्म पर रह गए।
दोपहर को त्रिवेणी आने से पहले ही प्लेटफाॅर्म नंबर एक यात्रियों से भर गया। करीब एक बजे ट्रेन आने पर सीट घेरने को लेकर यात्रियों में मारा-मारी मच गई। कुछ यात्री आपातकाल खिड़की से अंदर प्रवेश किए। लगेज कोच, दिव्याग कोच और महिला बोगी तक भर गई। पहले से भरी जनरल बोगियों में अंदर घुसने की मशक्कत की, लेकिन काफी मुश्किल से अंदर प्रवेश पा सकें। बोगी में घुसने को लेकर मारपीट तक की नौबत आ गई। जगह नहीं होने के कारण काफी यात्रियों की गाड़ी छूट गई। इसी तरह शाम में प्रयागराज संगम एक्सप्रेस में सीट को लेकर मारा-मारी मची रही। यात्रियों को सीट घेरने के लिए काफी दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा। अधिकारियों की मानें तो शाम तक प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों के चार सौ टिकट बिके हैं।
-
प्रयागराज जाने वाली ट्रेन में लंबी प्रतीक्षा सूची
-25 फरवरी को बरेली-प्रयागराज एसंगम एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में 93 वेटिंग है। थर्ड एसी में 36, सेंकेड एसी में 14 वेटिंग है। त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। 26 फरवरी को नौचंदी एक्सप्रेस में स्लीपर में 46, थर्ड एसी में 35, बरेली प्रयागराज एक्सप्रेस में भी वेटिंग है।
-
बसें बढ़ाने की तैयारी
-परिवहन निगम की 65 बसें प्रयागराज भेजी गईं। दस बसें प्रयागराज से शाहजहांपुर अप-डाउन कर रही हैं। शिवरात्रि पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या में इजाफा किया जा सकता है। एआरएम रामप्यारे प्रसाद ने बताया कि यात्री बढ़ने पर बसें बढ़ाई जाएगी।
-
शाहजहांपुर के बजाये बरेली से सवार हो रहे यात्री
-यहां स्टेशन से अधिक भीड़ होने के चलते प्रयागराज जाने वाले यात्रियों ने नया तरीका निकाला है। वह बस के जरिये बरेली रवाना होते हैं। वहां संगम एक्सप्रेस में पहले ही सीट घेरकर प्रयागराज जा रहे हैं। इसके जरिये उन्हें आसानी से सीट उपलब्ध हो जाती है।
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म एक पर लगी यात्रियों की भीड़। संवाद
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म एक पर लगी यात्रियों की भीड़। संवाद