मोहल्ला महमंद जलालनगर स्थित सपा जिलाध्यक्ष एवं चेयरमैन तनवीर खां के आवास के समीप ईद मीलादुन्नबी का जलसा आयोजन किया गया। जिसमें देर रात तक तकरीर का सिलसिला चलता रहा। समापन मुल्क एवं कौम की तरक्की के लिए दुआ की गई।
जलसे का आगाज तिलावते कुरआन-ए-पाक से किया गया। इसके बाद महफिले मीलाद में हाफिज अयूब और साथियों ने नात पढ़ी। जलसे को खिताब करते हुए शहर इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने कहा कि इस्लाम अमन और भाईचारा का पैगाम देता है। इसके मानने वाले कभी आतंकवादी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा पर खास ध्यान देना चाहिए, क्योंकि एक बेटी के पढ़ने से एक परिवार तालीम याफ्ता हो जाता है।
मौलाना मंजरी ने कहा कि हमें अपनी संस्कृति और तहजीब को नहीं भूलना चाहिए। बच्चों को अच्छी तालीम देने की जरूरत है। मौलाना उल्फत बदायूंनी ने कहा कि पैगंबरे इस्लाम की जिंदगी मुसलमानों के लिए बेहतरीन नमूना है। हमें चाहिए कि हम इस शानदार तरीके को अपनी हयात का हिस्सा बना लें और कामयाब हो जाएं। इस मौके पर अनीस अत्तारी, मौलाना जाबिर शाह नियाजी आदि ने कुरआन और पैगंबरे इस्लाम की सुन्नतों पर अमल करने की ताकीद की।
जलसे में कारी अली अहमद, किश्वर, जीशान रजा, मौलाना तौसीफ, रेहान रजा कादरी, अब्दुल कादिर ने नात पढ़ीं। आखिर में चेयरमैन तनवीर खां ने शुक्रिया अदा किया। मौलाना अनीस खां अतहर ने संचालन में हुए जलसे में कासिम खां, तौकीर खां, अनवर सईद, हामिद खां, नसीम खां, हाशिम खां, नईम, ममनून, सलीम खां, शब्बू, मुस्तकीम, शानू, नवेद खां, उजैर खां, निहाल अहमद, शाहनवाज खां, शफीउल्ला आदि उपस्थित रहे।