शाहजहांपुर में किशोर अवार्ड की विजेता इशिता तिवारी को शील्ड देते आयोजक नरेंद्र सक्सेना। स्रोत:
शाहजहांपुर। क्रिएटिव आर्ट ग्रुप की ओर से आयोजित चार दिवसीय शाहजहांपुर महोत्सव का रविवार को समापन हो गया। इस बीच किशोर अवाॅर्ड की विजेता हरदोई की इशिता तिवारी रहीं।
अटल विहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ नगर आयुक्त डॉ. बिपिन मिश्रा, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने किया। इसके बाद गीत-संगीत समारोह में किशोर अवाॅर्ड की प्रतिस्पर्धा हुई। तीन चरणों तक चले मुकाबले में प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से निर्णायकों और दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
कड़े मुकाबले के बाद हरदोई की इशिता तिवारी ने किशोर अवाॅर्ड-2025 का खिताब अपने नाम किया। विजेता इशिता तिवारी को ट्रॉफी और 5100 रुपये देकर अतिथियों ने सम्मानित किया। एडीएम ने कोई दीवाना कहता है कोई पागल समझता है, एमएलसी सुधीर गुप्ता ने जब कोई बात बिगड़ जाए और सीओ सदर प्रयांक जैन ने एक जन्म नहीं तू कई बार मिले गीत प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं।
नरेंद्र सक्सेना एवं अंशिका गुप्ता ने गीतों से खूब मनोरंजन किया। इस बीच प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा व शिक्षण संस्था से जुड़ीं वर्षा गोस्वामी को अटल रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। समापन पर आयोजित म्यूजिकल स्टार नाइट में सिंगर राजीव बेताब, अंशिका गुप्ता, मोहम्मद अजीज, प्रतिभा सक्सेना, उस्मान सिद्दीकी, कुमार राजन और तारिक ने गीत सुनाकर तालियां बटोरी। राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, अंशिका गुप्ता, देवराज सिंह देवा आदि मौजूद रहे।