शाहजहांपुर में सीवर लाइन में अनियमितता को लेकर बैठक करते पार्षद। स्रोत: स्वयं
शाहजहांपुर। नगर निगम के पार्षदों की बैठक में सीवर लाइन संबंधित समस्याओं पर चर्चा की। पार्षदों ने सीवर लाइन मानक के अनुसार नहीं होने का आरोप लगाया।
उपसभापति वेद प्रकाश मौर्य ने अपने आवास पर बैठक में कहा कि सीवर लाइन का कार्य घटिया तरीके से हुआ है। इससे मरम्मत कार्य ठीक से नहीं हो पा रहा। चेंबर ओवरफ्लो हो रहे हैं। 50 प्रतिशत घरों में बाथरूम के पाइप नहीं जोड़े गए हैं। इससे सीवर लाइन का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाया है।
उन्होंने सीवर लाइन के कार्य को बेहतर बनाने के लिए तुरंत कदम उठाने पर जोर दिया। पार्षद लाल पुजारी ने कहा कि सीवर लाइन की समस्या से लोगों को परेशानी हो रही है। सीवर लाइन में ठोस पदार्थों को निकालने की व्यवस्था नहीं है। ढलान भी सही नहीं है। इससे पानी की निकासी ठीक से नहीं हो पा रही है।
पार्षद रामबरन सिंह ने कहा कि सीवर लाइन की गुणवत्ता बहुत खराब है। आकांक्षा स्कूल वाली गली 3:30 फुट चौड़ी है। उसमें सीवर लाइन पड़ने के बाद कई बार मरम्मत के लिए कहा गया, लेकिन मरम्मत कार्य बेहतर तरीके से नहीं हो पा रहा है। विपिन यादव, सीमा सारस्वत ने भी विचार रखे।