शाहजहांपुर। स्वास्थ्य विभाग में 2016 में डार्क रूम सहायक की भर्ती में हुए फर्जीवाड़े के मामले में सुधीर नाम के छह लोग मिलने के बाद खलबली मची है। शाहजहांपुर में भी सुधीर नाम का व्यक्ति कार्यरत है। ऐसे में सीएमओ ने उनकी पत्रावली निकलवाकर जांच शुरू करा दी है।
मानव संपदा पोर्टल पर कार्यरत कर्मियों की सूची की पड़ताल में खुलासा होने के बाद सुधीर नाम के पांच लोग सामने आए हैं। इसमें एक सुधीर शाहजहांपुर में भी कार्यरत हैं। महानिदेशालय से पत्र आने के बाद सीएमओ ने डार्क रूम सहायक की पत्रावली को निकलवा कर जांच शुरू कर दी है।
सीएमओ ने जांच के लिए कमेटी भी गठित कर दी है, जो उनकी पत्रावली का गहनता से अध्ययन करेगी। सीएमओ डॉ.विवेक मिश्रा ने बताया कि सुधीर नाम का कर्मचारी वर्ष 2015 से कार्यरत है। मामले की जांच शुरू करा दी गई है जिससे स्थिति स्पष्ट हो सके। संवाद