शाहजहांपुर। सीएमओ कार्यालय से चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लाखों रुपये हड़पने के मामले में विभाग ने कमेटी का गठन कर दिया है। सीएमओ ने एसीएमओ डॉ.पीपी श्रीवास्तव के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी बनाकर मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
फर्जी बिल बनाकर सीएमओ कार्यालय से चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लाखों रुपये हड़पने के मामले में डीएम ने प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही 15 दिन में हड़पा धन वापस न करने पर आरसी जारी करने की बात कही है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। उनकी भूमिका की जांच भी नए सिरे से की जाएगी।
इसके लिए सीएमओ ने पीपी श्रीवास्तव, डॉ.ओमेंद्र राठौर और रामकिशोर की कमेटी बनाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले में अन्य बिंदुओं को शामिल कर जांच की जाएगी। उन कर्मचारियाें के बयान भी दर्ज होंगे, जिन्होंने बिलों को पास किया है। सीएमओ ने बताया कि तीन दिन में जांच कमेटी को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।