शाहजहांपुर। डीएम की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। अमृत सरोवर के लिए क्षेत्र पंचायत का चयन न होने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए जैतीपुर, कलान, कटरा-खुदागंज, निगोही तथा मिर्जापुर के खंड विकास अधिकारियों के वेतन रोकने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान अमृत सरोवर, राज्य भू-जल संरक्षण, आयुष्मान कार्ड, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं विकास कार्यों के मूल्यांकन तथा अनुश्रवण के लिए शासन द्वारा निर्धारित बिंदुओं पर चर्चा की गई। आयुष्मान भारत में प्रगति-सी श्रेणी एवं परिवार नियोजन में बी श्रेणी होने पर डीएम उमेश प्रताप सिंह ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने जिला समन्वयक डॉ. योगेंद्र को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी एमओआईसी से संपर्क कर आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाएं। जिन पंचायत सहायकों के पास डिवाइस नहीं है, उन्हें ग्राम स्वास्थ्य पोषण समिति द्वारा डिवाइस उपलब्ध कराई जाए।
दिव्यांग पेंशन में कलान, कांट, मिर्जापुर तथा निगोही की सबसे खराब प्रगति होने पर डीएम ने प्रतिदिन की प्रगति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन के पात्र लाभार्थियों को किसी भी दशा में वापस ना किया जाए। जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा को समय-समय पर वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।